नीतू बाथरूम से नहा कर निकली तो लाइट बन्द करना भूल गई, वह पूजा कर रही थी तभी उसकी सास कमलाजी ने बड़बड़ाना शुरू किया कि “बत्ती ऐसे जलाकर छोड़ देती है जैसे बिजली मुफ्त में आती है, बिल भरना पड़े तो पता चले”| नीतू मायूस होकर सुनती रही, पूजा करते हुए उसकी ऑंखें भर आयीं| नीतू की शादी को 3 साल हुए थे, 2 साल तक सब ठीक चला फिर अचानक उसके पति अक्षय की नौकरी छूट गयी| दोनों बेहद परेशान थे| नीतू का बेटा अभी 6 महीने का था| अक्षय के बहुत कोशिशों के बाद भी जब नई नौकरी नहीं मिली तो उसने अपने पिता मुकेशजी से बात करके घर लौटने का निर्णय किया| मुकेशजी ने अपने पुत्र को ढांढस बंधाया कि तुम यहाँ आ जाओ और दूसरी नौकरी की तलाश करो, परेशान होने की कोई ज़रूरत नहीं है| उनके मन में कहीं न कहीं ये डर था कि अक्षय कहीं अवसाद में न घिर जाए,इसलिए वे यथासंभव सहयोग कर रहे थे बेटे और बहू को| नीतू अपने ससुर का बहुत सम्मान करती थी| वो स्वभाव से अंतर्मुखी थी,जल्दी अपनी बात किसी से नहींं कह पाती थी, बड़ों को पलट कर जवाब देना उसके संस्कारों में नहीं था| कमलाजी नीतू को सुनातीं कि जब उनकी शादी हुई तो उनके आने के बाद मुकेश जी की तरक्की होती गयी पर कोई बहुएँ ऐसी आती हैं कि पति का कामकाज चौपट हो जाता है| नीतू को यह बातें बाण की तरह सीधे हृदय बेधी लगतीं, वो तो पहले ही परेशान थी और कमला जी समय-समय पर सुई चुभोती रहतीं| आर्थिक परेशानी के कारण मुकेश जी ही बेटे और बहू का खर्च उठाते थे और कमला जी एहसान की परतें चढ़ाती जातीं, नीतू का आत्मसम्मान कुचलता रहता|
जब नीतू कहीं बाहर जाने को निकलती तो कमलाजी दो चार सामान लाने को कहकर बोलतीं “अरे तुम्हारे पास पैसे तो होंगे नहीं, चलो मैं देती हूं, वैसे भी अब तो दोगुना खर्च हो गया है, पता नहीं कैसे चलेगा”| नीतू के आत्मसम्मान को फिर से झकझोर दिया था कमलाजी ने| वो वहाँ से चली गई| मुकेश जी अपनी बहू की व्यथा उसके चेहरे पर पढ़ कर अपनी पत्नी से बोले,”क्यों हर बात का एहसान जताती हो बहू से”,? वह इस घर के सदस्य है तो फिर क्यों उसके स्वाभिमान पर चोट करती हो। इस समय हमारे बच्चों का कठिन समय है उनको हमारी जरूरत है। हम मदद नहीं करेंगे तो कौन करेगा? भगवान की कृपा से हमारे पास सब कुछ है, किसी बात की कोई कमी नहीं है फिर भी तुम उनका मनोबल बढ़ाने के बजाय तोड़ रही हो। कमला जी पति के मिजाज को देखकर चुप रह गई पर वह सुधरने वाली कहां थी। अगर कभी खाना बच जाता तो वह बोलती,”मुफ्त का समान है बर्बाद करते रहो, अपनी रकम लगती तो पता चलता”। ऐसे ही कटु वचन प्रतिदिन नीतू को सुनते पड़ते थे। कभी-कभी कमल जी तो अक्षय को भी सुना देती थी, बहुत ही अधिक मानसिक वेदना से गुजर रही थी नीतू, एक तो पति को दिन भर तनाव में देखती दूसरी तरफ सासू मां उसके आत्मसम्मान को तार तार करने से कभी नहीं चूकती। छोटे बच्चे की वजह से वह नौकरी भी नहीं कर पा रही थी। आए दिन कमला जी नीतू के सामने अपनी तारीफों के पुल बांधती रहती। मैं जब ब्याह करके आई थी तो इस घर में कुछ भी नहीं था, मेरे कदम बहुत ही शुभ थे इस घर के लिए,मेरे घर में कदम रखते ही इस घर का नक्शा बदल गया। लेकिन तुम्हारे कदम शायद अक्षय के लिए शुभ नहीं है। तभी तो उसके साथ-साथ सब लोग परेशान हैं। नीतू को समझ में नहीं आता था इन सब में उसकी क्या गलती है? इतना तिरस्कार करने के बाद कमला जी ने अपनी बेटी के किस्मत का बखान करना शुरू कर दिया,”ऋचा भी अपने पति के लिए बहुत भाग्यशाली है ऋचा से शादी के बाद दामाद जी का व्यापार दिन दुगनी रात चौगुनी बढ़ता ही जा रहा है”नीतू अपनी तरफ किया गया इशारा समझ गई और अपने घायल हुए आत्मसम्मान को आंसुओं का मरहम लगाने के लिए अपने कमरे में चली गई। यही सब सुनते हुए और रोते हुए करीब 8 महीने का वक्त बीत गया। 8 महीना के बाद अक्षय की नौकरी मुंबई में लगी। मुकेश जी ने बोला पहले वहां जाकर अपने रहने की व्यवस्था कर लो फिर नीतू और बच्चे को लेकर चले जाना। अगले ही दिन अक्षय मुंबई के लिए निकल गया और चार-पांच दिनों के बाद फोन करके बोला मैंने सारा इंतजाम कर लिया है और एक हफ्ते में मैं तुम्हें लेने के लिए आ रहा हूं। इसी बीच अचानक एक दिन ऋचा अपनी बेटी के साथ अपने मायके आई अपनी बेटी और नतनी को आया देख कमला जी खुशी से फूली नहीं समाई, पर अगले ही पल ऋचा के चेहरे की उदासी उन्होंने पढ़ ली और पता चला कि दामाद जी को व्यापार में बहुत ज्यादा घाटा हो गया है और काफी ज्यादा कर्ज दामाद जी के ऊपर चढ़ गया है। पांच शोरूम में से तीन शोरूम दामाद जी के बिक चुके हैं और बस दो शोरूम बचे हैं जो कि घाटे में चल रहे हैं। यह सब सुनकर कमला जी और मुकेश जी के ऊपर तो मानो वज्रपात हो गया एक औलाद के दुख से अभी उबरे भी नहीं थे की दूसरी औलाद का दुख सामने आ गया। ऋचा ने कमला जी को बताया कि उसकी सास उसे बहुत ही ज्यादा ताने देती है। कोई मदद करती है तो बस एहसान गिनवाती रहती है। मेरे आत्म सम्मान को पूरा तार तार करके रख दिया है। ऋचा की बातें सुनकर कमला जी के विचार एकाएक बदल गए और वह बोलने लगी,”तुम्हारी सास को अक्ल नहीं है क्या ? ऐसे समय में बेटे बहु को भावनात्मक संबल की जरूरत होती है और वह तुम्हें ताने मार रही है।” उन्हें तुम दोनों के साथ खड़ा होना चाहिए था। कमला जी के बातें सुनकर नीतू से रहा नहीं गया और वह बोल पड़ी,”मम्मी की बेटी का दुख देखकर एकाएक आपके अंदर इतनी समझदारी कहां से आ गई?” कल तक जब मैं इस परिस्थिति में थी तब तो आपने नहीं सोचा कि मुझे और आपके बेटे को आपके भावनात्मक संभल की जरूरत है ना कि आपका तानों की। दूसरों के आगे हाथ फैलाना कितना पीड़ादायक होता है मुझे बहुत अच्छे से पता है। 8 महीने मैं इस दुख को झेला है। इसलिए मैं ऋचा दीदी के दर्द को बहुत अच्छे से समझ सकती हूं। लेकिन मेरा आत्म सम्मान तो आज तक आपके तानों से लहू लुहान होकर पड़ा हुआ है उसे तो आप कभी भी नहीं देख पाई। क्या आत्मसम्मान का आकलन रिश्ते देखकर किया जाता है बेटी का आत्म सम्मान ,आत्मसम्मान होता है और बहू का आत्म सम्मान नगण्य होता है ।
नीतू ने अपने नंद ऋचा से कहा दीदी आप परेशान मत हो। आपका दुख मुझे अधिक कोई नहीं समझ सकता। लेकिन जैसे मैंने इस कठिन समय को पार कर लिया है जल्दी आपका भी यह कठिन समय निकल जाएगा। हम सब मिलकर इस कठिन समय में आपके साथ रहेंगे।
मुकेश जी ने कमला जी से बोल कमला जी एक बात अच्छे से समझ लीजिए मनुष्य नहीं बल्कि समय बलवान होता है और समय कब पलट जाए कोई नहीं जानता आज ऋचा का दुख देखकर अपका दिल रो रहा है और वही दुख जब आपने अपनी बहू नीतू को दिया तो आपका कलेजा नहीं कांपा ? फिर आप में और ऋचा की सास में क्या फर्क रह गया ?।आपने जो टीस नीतू और अक्षय के दिल को लगाई है वह उनके दिल में ताउम्र रहेगी और इसके लिए आप खुद जिम्मेदार है।
कमल जी आत्मग्लानि से भर उठीं। उन्हें ऐसा लगने लगा की बहू के साथ उनके करनी की भरपाई अब उनकी बेटी कर रही है। और वह मन ही मन दृढ़ निश्चय कर रही थी अपनी बेटी की स्थिति संभालने की और बहू के मन में अपने लिए जगह बनाने की।🙏🙏🙏