Posted in छोटी कहानिया - १०,००० से ज्यादा रोचक और प्रेरणात्मक

कश्मीर में इस्लाम कैसे आया और किसने रोका यह जानने के लिये मुझे आप को बतानी है ,वीरांगना कोटा रानी के बलिदान की कहानी, जिसे आज का हिन्दू नहीं जानता

कोटा रानी की कहानी शुरू होती है कश्मीर के शासक सहदेव की कहानी के साथ। सन 1301 में कश्मीर में सहदेव नामक शासक गद्दी पर बैठा। उसके शासन में उसके दो महत्वपूर्ण सहयोगी थे, एक था लद्दाख का विद्रोही राजकुमार रिन्चिन और दूसरा था स्वात घाटी से आया हुआ शाहमीर! और उसका सेनापति था राम चंद्र। इसी रामचंद्र की बेटी थी कोटा रानी। रिन्चिन बौद्ध था, और शाहमीर मुसलमान। उथलपुथल वाले युग में सन 1319 में राजा सहदेव पर तातार सेनापति डुलचू ने 70,000 सैनिकों के साथ आक्रमण किया। इस आक्रमण में राजा सहदेव अपने भाई उदयन देव के साथ किश्तवाड़ भाग गया।

हालांकि रामचंद्र, रिन्चन और शाहमीर ने मिलकर डुलचू का मुकाबला किया, मगर डुलचू घाटी में ही टिका रहा और उसने घाटी में कत्लेआम का आदेश दिया। हज़ारों लोग मारे गए, हज़ारों लोग गुलाम बनाकर तातार भेज दिए गए और आठ महीने घाटी में रहने के बाद वह हज़ारों ब्राह्मणों को दास बनाने के बाद जब वापस जा रहा था तो देवकर दर्रा पार करते हुए बर्फ के तूफ़ान से उसकी और उसके साथ जा रहे सभी लोगों की मौत हो गयी। मगर उसके जाने के बाद कश्मीर एकदम बर्बाद कश्मीर हो गया। उसके बाद किश्तवाड़ के गद्दियों ने कश्मीर पर आक्रमण किया, मगर रामचंद्र के द्वारा भेजी गयी सेना ने उन्हें वापस खदेड़ दिया और राम चंद्र ने खुद को राजा घोषित कर दिया।

कोटा रानी की साम,दाम, दंड, भेद नीति
इधर रिन्चिन भी इन परिस्थितियों का फायदा उठाकर गद्दी हासिल करना चाहता था। रिन्चिन ने विद्रोह कर दिया और रामचंद्र का धोखे से क़त्ल करा दिया। इस प्रकार बौद्धधर्मी रिन्चिन का कश्मीर के शासन पर अधिकार हुआ और उसने कोटा रानी से विवाह कर लिया। कहा जाता है कि इस विवाह का प्रस्ताव कोटा रानी की तरफ से ही दिया गया था। कोटा रानी कश्मीर में प्राचीन संस्कृति को जीवित रखना चाहती थी, और हर कीमत पर हिन्दू शासन चाहती थी। कुछ इतिहासकारों का यह कहना है कि इस निर्णय के पीछे उसका कारण यह था कि उसे पता था कि कश्मीर को तभी बचाया जा सकता है जब उसके विचारों में परिवर्तन लाकर पूरी तरह से भारतीय किया जा सके। इसलिए कोटा रानी ने रिन्चिन से विवाह करना उचित समझा और विवाह के उपरान्त पूरी दूरदर्शिता के साथ शासन करने लगी। और धीरे धीरे उसने रिन्चिन को हिन्दू धर्म के प्रति भी आकर्षित कर लिया और उसे भारतीय धर्म और संस्कृति का इतना प्रेमी बना दिया कि रिन्चिन हिन्दू धर्म स्वीकार करने की भी योजनाएं बनाने लगा था।

कश्मीर का पहला मुस्लिम शासक
मगर यह कश्मीर का दुर्भाग्य ही था कि हिन्दू धर्म में प्रवेश करने की उसकी योजना को हिन्दू धर्म के ठेकेदारों ने स्वीकार नहीं किया और जिस प्रकार उसका दिल टूटा और बेचैन हुआ, वह इस अस्वीकृति से इतना विचलित हुआ कि उसने इस्लाम अपना लिया और अपना नाम मलिक सदरुद्दीन रख लिया। इस प्रकार वह कश्मीर का पहला मुस्लिम शासक हुआ, परन्तु वह वहीं की मिट्टी का इंसान था, इसलिए वह कट्टर नहीं था और वह अपनी हिन्दू पत्नी के कारण भी प्रजा के जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं में शामिल नहीं था। मगर जल्द ही एक बार फिर से विपत्तियों का आगमन हुआ और सहदेव के भाई उदयन देव ने रिन्चिन के खिलाफ विद्रोह कर दिया और उस पर आक्रमण कर दिया। लड़ाई में रिन्चिन गंभीर रूप से घायल हुआ और उसके कारण सन 1326 में उसकी मृत्यु हो गयी।

कश्मीर पर लगातार होते आक्रमण
रिन्चिन की मृत्यु के समय उसका बेटा हैदर छोटा था, तो रानी ने राजकाज सम्हाला। मगर उसके सामने सेना के साथ उदयन देव आ गया। अपने राज्य के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, और अपनी संस्कृति को बनाए रखने की ललक ने एक बार फिर कोटा रानी को फैसला लेने पर विवश किया और उसने उदयन देव को राज्य के साथ साथ स्वयं को भी समर्पित कर दिया, और पूरे प्रशासन को सम्हालने लगी। उसके दो विश्वासपात्र थे, एक था उसका भाई भिक्षण भट्ट और दूसरा शाहमीर।

मगर जल्द ही कश्मीर फिर से किसी आक्रमण का हिस्सा होने जा रहा था। कश्मीर पर एक और तातारी सरदार ने सैकड़ों तातारी लोगों के साथ आक्रमण कर दिया। अपने भाई सहदेव की तरह उदयनदेव भी इस भीषण परिस्थितियों में अपनी पत्नी और राज्य को छोड़कर तिब्बत की तरफ भाग गया। मगर रानी भागी नहीं, उसने अपनी सेना में जोशीला भाषण दिया, सेना को उसके कर्तव्य याद दिलाए, उनमें जीत के लिए जूनून पैदा किया और अपने भाई भिक्षण भट्ट और शाहमीर की मदद से उस सेना को भगा दिया। उसकी देशभक्ति की अपील ने स्थानीय नागरिकों पर असर किया और उसकी आवाज़ पर स्थानीय नागरिक भी युद्धका हिस्सा बन गए। उन आक्रमणकारियों का खतरा टलने के बाद उदयन देव वापस आया और उसने शाहमीर और उसके बेटों को महत्वपूर्ण पद दिए। इस प्रकार कश्मीर पर हिन्दू शासन बनाए रखने में रानी सफल रही।

कश्मीर पर इसलाम का शासन
सन 1341 में उद्यन देव की मृत्यु हो गयी और कश्मीर पर एक बार फिर से खतरा मंडराने लगा। उस समय कोटा रानी और उदयन देव का बेटा छोटा था, अत: रानी ने एक बार फिर से राजकाज सम्हाला। मगर इस समय तक शाहमीर में कश्मीर का पहला मुस्लिक शासक होने की हवस जाग चुकी थी और उसे माहौल भी अपने अनुकूल लगा। उसने पहले तो भिक्षण भट्ट को अपनी योजना में शामिल करने के लिए लालच दिया, जब वह नहीं माना तो पहने उसने भिक्षण भट्ट की धोखे से हत्या कराई और फिर उसने कोटा रानी के खिलाफ विद्रोह कर दिया और पराजित किया। इस प्रकार कश्मीर पर इस्लाम का शासन काबिज़ हुआ।

कहा जाता है कि शाहमीर ने कोटा रानी को विवाह का प्रस्ताव दिया था, और उसे निकाह के लिए मजबूर भी कर दिया था। जब वह रात में उसकी प्रतीक्षा कर रहा था, तो उसके सामने पूरे सिंगार में आई रानी ने अपने पेट में खंजर घुसेड कर आत्महत्या कर ली थी, और उसके अंतिम शब्द थे, “यह है मेरा उत्तर !”

कोटा रानी ने अपने प्राण दे दिये लेकिन तन नहीं दिया ।

Om Trehan