“थाईलैंड में राजा राम”
थाईलैंड में सदियों पुराना भारतीय प्रभाव है। एक अजीब विशेषता है। धर्म तो बौद्ध स्वीकार किया परन्तु संस्कृति हिन्दू अपनाई है। वहाँ हवाई अड्डे का नाम है ‘स्वर्णभूमि हवाई पत्तन’। यहां राजा के स्थान व सम्मान को पूरी तरह संभाल कर रखा गया है। यद्यपि लोकतंत्र है परन्तु राष्ट्र अध्यक्ष के रूप में राजा इंगलैंड की तरह सर्वोपरि है। सिनेमा हाल में फिल्म शुरू होने से पहले राजा-रानी के सम्मान में गीत गाया जाता है और सिनेमा हाल में बैठे सभी दर्शक सम्मान में उठ कर खड़े हो जाते हैं। प्रत्येक राजा को ‘राम’ कहा जाता है। आधुनिक राजा ‘राम-8’ कहा जाता है। लगभग 450 वर्ष पूर्व इस वंश का प्रथम राजा ‘राम-1’ के नाम से विख्यात हुआ। सन् 1448 तक त्रैलोक नाम के राजा ने राज किया। उसने प्रशासन में उल्लेखनीय सुधार किए।
चौदहवीं सदी में थाईलैंड में अयोध्या की स्थापना हुई थी। वहीं थाईलैंड की राजधानी रही। इस वंश के 36 राजाओं ने 416 वर्षों तक राज किया। आधुनिक राजा के आठवें पूर्व वंशज ने राम नाम जोडऩा शुरू किया जो आज तक चल रहा है। अयोध्या को देवताओं की भूमि कहा जाता है। अद्वितीय इन्द्र देवता की नगरी। इन्द्र ने यह नगर स्थापित किया और विष्णुकरन ने इसका निर्माण किया था। इस राज्य की स्थापना राजा यूथोंग ने चायो फराया नदी के पास की थी। इसे स्याम नाम से भी जाना जाता था।
1782 में बर्मा के आक्रमण के बाद थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में बनाई गई। अयोध्या आज भी इस देश की पुरानी सांस्कृतिक धरोहर की गवाह है। राजा मागेंकुट राजा बनने से पूर्व 27 वर्ष तक बौद्ध भिक्षु रहा। उसने पाली व संस्कृति का पूरा ज्ञान प्राप्त किया। राजा बनने पर उसे राम-4 कहा गया। यहां की भाषा का मूल संस्कृत है।
बैंकाक छोटे से देश का एक बड़ा नगर है। देश की कुल आबादी केवल 6 करोड़ 30 लाख है परन्तु राजधानी बैंकाक की आबादी 1 करोड़ 20 लाख है। नगर आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण एवं सम्पन्न है। बड़े-बड़े ‘मॉल’ हैं। ‘पैरागान’ मॉल एशिया का सबसे बड़ा मॉल है। बढिय़ा महंगे व चमकीले सामान से दुकानें भरी पड़ी हैं। हम आधा दिन घूमते रहे। पूरे ‘मॉल’ का छोटा-सा भाग भी नहीं देख सके।
चारों तरफ फूड हाल व फूड कोर्ट के नाम से छोटे-बड़े रैस्टोरैंट हैं। लगभग सभी देशों का भोजन मिलता है। पालमपुर के पूरे बाजार के बराबर ‘पैरागान’ का फूड हाल है। लगता है जैसे पूरा बैंकाक अपने घरों की रसोई बंद करके यहां आ गया है।
यहां का मुख्य भोजन चावल है। थाईलैंड विश्व को सबसे अधिक चावल देने वाला देश है। रोटी बनाना, खाना कोई नहीं जानता। नूडल खाए जाते हैं। वे भी अधिकतर चावल से बनाए जाते हैं। थाई शाकाहारी भोजन बहुत ही स्वादिष्ट व पौष्टिक होता है। बैंकाक के आम साधारण लोग अंग्रेजी, ङ्क्षहदी नहीं जानते। केवल अपनी भाषा ही जानते हैं।
लोकतंत्र में भी राजशाही का इतना सम्मान यहां की विशेषता है। राजा को आज भी दैवीय शक्ति सम्पन्न माना जाता है। चार सदियों तक रहे यहां की अयोध्या के राजा तो स्वयं को विष्णु का अवतार मानते थे। पूर्व राजा स्व. भूमिवोन अदुलमादेज ने 64 वर्षों से राज ङ्क्षसहासन पर थे। यह विश्व में किसी भी राजा के लिए सर्वाधिक अवधि थी। राजमहल में प्रतिदिन की पूजा विशेष भारतीय ब्राह्मण रीति से होती है। भारतीय वंश के ब्राह्मण पुजारी भारतीय वेश में पूजा करवाते हैं। यह पूजा थाई राष्ट्रवाद के लिए की जाती है जिसके तीन स्तम्भ माने गए हैं-थाई सार्वभौमिकता, धर्म और राजशाही। मैं सोच रहा था यदि भारत के राष्ट्रपति भवन में इस प्रकार की पूजा होने लगे तो भारतीय सैकुलरवादी कितना हो-हल्ला मचाएंगे।
यहां के टी.वी. चैनल का नाम ‘राम चैनल’ है। कई सड़कों का नाम ‘राम’ पर है। सैंकड़ों साल पहले जब जहाज, सड़कें नहीं थीं, तब ‘राम’ का नाम ऐसा यहां आया कि आज भी सड़क से लेकर राजा तक राम छाए हुए हैं और भारत में हम प्रभु श्रीराम की संतान अपने प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान पर प्रभु श्रीराम का मंदिर नहीं बनवा पा रहे ।”